Breaking News

आज़मगढ़ में अवैध हथियार के साथ दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

Spread the love

आज़मगढ़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर नसीम उर्फ लम्बू के फरार साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

बता दे कि आज़मगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस मुठभेड़ में घायल 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर नसीम उर्फ लम्बू के फरार साथियों भुटेली उर्फ करिया और वसीम को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 25 फरवरी 2026 को अभियुक्त नसीम उर्फ लम्बू द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी, जिसके बाद उसके खिलाफ थाना रानी की सराय में मुकदमा संख्या 44/2026 धारा 109(1)/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुठभेड़ के दौरान घायल नसीम को गिरफ्तार कर जिला कारागार आजमगढ़ भेज दिया गया था, जबकि उसके दो साथी फरार चल रहे थे।

इसी क्रम में 26 फरवरी 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुशील कुमार सिंह एवं उपनिरीक्षक अमिताबचन्द अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार अभियुक्त भुटेली उर्फ करिया और वसीम कोइलारी खुर्द तालाब के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सुबह करीब 9:15 बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान अभियुक्त वसीम के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर वसीम के खिलाफ थाना रानी की सराय में मुकदमा संख्या 49/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। भुटेली उर्फ करिया पर गोवध निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वसीम पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गोवध, एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुशील कुमार, उपनिरीक्षक अमिताबचन्द, कांस्टेबल सर्वेश कुमार, रमेश कुमार, आलोक कुमार और हेड कांस्टेबल रविचन्द शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial