Breaking News

बेटे की हैवानियत: पिता की हत्या कर शव के टुकड़े नीले ड्रम में छिपाए

Spread the love

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां वर्धमान पैथोलॉजी लैब के मालिक मानवेंद्र सिंह की उनके ही इकलौते बेटे अक्षत (21) ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में छिपा दिया, जबकि सिर को कार से ले जाकर घर से करीब 21 किलोमीटर दूर फेंक आया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे आशियाना कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-L स्थित तीन मंजिला मकान में हुई। आरोपी अक्षत ने अपने पिता को उनकी लाइसेंसी राइफल से गोली मार दी। घटना के समय उसकी 17 वर्षीय बहन कृति भी मौजूद थी। बहन के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया और घर से बाहर नहीं निकलने दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। उसने पिता के शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर एक खाली कमरे में रखा और बाजार से आरी खरीदकर शव के कई टुकड़े कर दिए। इसके बाद सिर और कुछ हिस्सों को कार में रखकर सदरौना गांव में फेंक दिया, जबकि बाकी टुकड़ों को पॉलीथिन में पैक कर नीले ड्रम में भर दिया। वारदात के बाद उसने कार की सफाई भी की।

घटना के तीन दिन बाद सोमवार को आरोपी आशियाना थाने पहुंचा और पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। जांच के दौरान पुलिस को बेटे के हावभाव संदिग्ध लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर पहले उसने आत्महत्या की बात कही, लेकिन बाद में हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव के टुकड़े बरामद कर लिए हैं, हालांकि सिर अभी तक नहीं मिला है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता चाहते थे कि वह NEET परीक्षा पास कर MBBS करे, जबकि वह इस पर सहमत नहीं था और पैथोलॉजी लैब की जगह लॉन या रेस्टोरेंट खोलना चाहता था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

मृतक मानवेंद्र सिंह मूल रूप से जालौन जिले के रहने वाले थे और पैथोलॉजी लैब के साथ शराब कारोबार से भी जुड़े थे। उनकी पत्नी का नौ वर्ष पहले निधन हो चुका था और वह अपने दोनों बच्चों की परवरिश स्वयं कर रहे थे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial