आज़मगढ़: संविधान दिवस पर नगरपालिका चेयरमैन सरफ़राज़ आलम मंसूर ने दी प्रेरणा, SIR अभियान में सहयोग की अपील
आज़मगढ़। संविधान दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन सरफ़राज़ आलम मंसूर ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन करते हुए नगर की जनता को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में पूरे मन से सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है, क्योंकि मतदाता सूची का सही अपडेट ही मतदान व्यवस्था का आधार होता है।
उन्होंने बताया कि नगर के सभी 25 वार्डों में सफाई नायक और BLO एकजुट होकर पूरी निष्ठा से कार्य में लगे हुए हैं। किसी नागरिक को घबराने की आवश्यकता नहीं है। वह केवल ज़िम्मेदारी के साथ अपने फार्म को भरें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें। चेयरमैन ने कहा कि यह सिर्फ एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों को सुरक्षित रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
SIR अभियान हमारे अधिकारों को सुरक्षित करने का एक महत्वपूर्ण काम है। मतदाता सूची में आपका नाम होना बहुत जरूरी है, क्योंकि आपका वोट ही लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। इसलिए बिना डर और बिना किसी हिचक के अपने कागज़ तैयार रखें और सहयोग करें। वार्डों में काम कर रहे सफाई नायक और BLO सिर्फ यही चाहते हैं कि नगर का कोई भी नागरिक वोट से वंचित न रहे और सभी का नाम मतदाता सूची में शामिल हो।
हम सब मिलकर इस अभियान को सफल बना सकते हैं। आप अपने फार्म सही तरीके से भरें और जरूरी दस्तावेज देकर अधिकारियों का सहयोग करें। याद रखिए—आपका एक वोट भी बहुत कीमती है और यही हमारी पहचान है।
इसके बाद चेयरमैन सरफ़राज़ आलम मंसूर ने कुंवर सिंह उद्यान का भ्रमण किया और नगर में चल रहे विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्वक और समय पर पूरा किया जाए।
नगर पालिका कार्यालय में संविधान दिवस पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के लिए शपथ ग्रहण भी की। चेयरमैन ने कहा कि संविधान केवल किताबों का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे जीवन का मार्गदर्शक है, और हमें इसके आदर्शों को व्यवहार में भी अपनाना चाहिए।
