Breaking News

डीजे से टक्कर के बाद बवाल, दूल्हे की कार टूटी, दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक डीजे वाहन और दूल्हे की सजी कार की टक्कर का मामला गंभीर रूप ले लिया। टक्कर के बाद शिकायत करना कार संचालक को महंगा पड़ गया, क्योंकि आरोप है कि दबंगों ने न केवल कार चालक से मारपीट की बल्कि दूल्हे की सजी कार को लाठी-डंडों से तोड़-फोड़ भी डाली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य की पहचान में जुटी है।

भरौली गांव निवासी मोतीलाल ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी हुंडई वरना कार, जिसे ड्राइवर आतिश कुमार एक शादी समारोह में अमिला ले गया था, शाम के समय बोझी बाजार में एक डीजे वाहन से टकरा गई। घटना की जानकारी मिलने पर बोझी पुलिस चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंची और डीजे वाहन को कब्जे में ले लिया। इसी बात से नाराज होकर डीजे वाहन से जुड़े लोगों ने बदला लेने की ठानी।

तहरीर के अनुसार, जब ड्राइवर आतिश कुमार कार को लेकर अजमतगढ़ बाजार स्थित स्टेट बैंक के पास पहुंचा, तभी एक बलेनो कार सवार अज्ञात लोग वहां पहुंचे और दूल्हे की सजी कार को रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने ड्राइवर से अपमानजनक भाषा में बात करते हुए उसके साथ मारपीट की। इसके बाद लाठी-डंडों से कार की विंडशील्ड सहित कई हिस्सों को तोड़ दिया और गंभीर नुकसान पहुंचाया। पीड़ित कार मालिक ने पूरे प्रकरण में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में एसपी ग्रामीण ने बताया कि दूल्हे की गाड़ी और डीजे वाहन के बीच टक्कर के बाद दबंगों द्वारा की गई तोड़फोड़ व मारपीट की घटना को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। थाना जीयनपुर में मुकदमा संख्या 478/2025 धारा 281, 125A, 115(2), 351(3), 3(5) BNS के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्त—सत्यम चौहान निवासी जामेतुलबनात, कस्बा जीयनपुर तथा सौरभ पासवान निवासी मेहनाजपुर, नवोदय विद्यालय के पीछे—को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थल, बाजार, सड़क, समारोह या कार्यक्रम में उपद्रव, मारपीट, धमकाने या कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी घटना को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial