फतेहपुर। हिंदी दिवस के मौके पर अमर क्रांति फाउंडेशन की ओर से स्विस इंस्टीट्यूट में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय हिंदी को राष्ट्रीय भाषा का दर्जा मिलना चाहिए रहा। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सभी ने अपने मत पक्ष एवं विपक्ष में रखे। विषय के पक्ष का विजेता शैली व विपक्ष का विजेता राकेश को घोषित किया गया। दोनों प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की आयोजिका समाजसेवी सौम्या सिंह पटेल एवं इंस्टीट्यूट के मालिक सरताज सिद्दीकी रहे। सौम्या ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उनकी संस्था समय-समय पर आयोजित करती रहती है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवा अपने देश के ज्वलंत मुद्दों से जुड़े रहते हैं। सरताज ने बच्चों को बताया कि अपनी भाषा से ही आप उन्नति कर सकते हैं। सभी को हिंदी पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर प्रतिभा प्रजापति, अंजू दीक्षित, एएस चंदेल, मरियम समेत अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।
