रिपोर्ट – नवल सैनी, बलिया
को घर के बाहर मारी गोली, बलिया में दहशत का माहौल
बलिया :- शहर में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार सुबह बलिया शहर के कासिम बाजार इलाके में अज्ञात बदमाशों ने एक दवा व्यापारी को दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ऑक्टेनगंज चौकी के अंतर्गत हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
64 वर्षीय दवा व्यापारी अरुण कुमार गुप्ता, पुत्र स्व. ब्रज किशोर गुप्ता, सुबह अपने घर के दरवाजे पर खड़े थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। गोली व्यापारी की कमर के पास लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल व्यापारी को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कृपाशंकर सिंह और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उच्चाधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
एएसपी कृपाशंकर सिंह का बयान:
“थाना कोतवाली क्षेत्र के ऑक्टेनगंज चौकी अंतर्गत वार्ड नंबर 20 कासिम बाजार निवासी अरुण कुमार गुप्ता को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी है। गोली उनके कमर के पास लगी है। मजरूब को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। अरुण गुप्ता की मेडिकल की दुकान है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिवार से पूछताछ जारी है। मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।”
फिलहाल गोलीकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इस घटना से व्यापारियों और आमजन में दहशत का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।
