आजमगढ़। जिले के तरवां थाना क्षेत्र में एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है। गुरुवार देर रात आरपीएम मैरिज वाटिका के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बाइक सवार युवकों ने बारात में शामिल दूल्हे के मामा से रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
मामला वाराणसी जिले के शिवदासपुर मंडुवाडीह का है, जहां से दूल्हे शनि प्रकाश सिंह की बारात द्वारपूजा के लिए जा रही थी। इसी दौरान दूल्हे के मामा ओम प्रकाश सिंह, जो रुपयों से भरा बैग लेकर बारात के आगे चल रहे थे, उनसे दो बाइक सवार युवकों ने बैग छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, बैग में कुल 1 लाख 10 हजार रुपये थे।
लूट की घटना के बाद बारात में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तुरंत तरवां थाना पुलिस और जिले के आला अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पुलिस कर रही जांच
जिले के एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही लुटेरों को पकड़ कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित का बयान
पीड़ित ओम प्रकाश सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह जैसे ही मैरिज वाटिका के सामने पहुंचे, वैसे ही बाइक सवार दो युवक तेजी से आए और उनका रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
