आजमगढ़ थाना कोतवाली और सिधारी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 16 चोरी की घटनाओं में शामिल 10 अभियुक्तों को पकड़ा है, जिसमें से 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 4 नाबालिग अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। इन अभियुक्तों के पास से लगभग 28,000 रुपए नकद और 7 लाख रुपए मूल्य का सामान बरामद किया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसपी हेमराज मीणा के निर्देशन में किया गया, जिसमें सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा द्वारा 3 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इनमें से 2 टीम वर्दी में और 1 टीम सादे कपड़ों में थी। पुलिस ने बागलखरांव पुलिया पर कार्रवाई करते हुए चोरी की 1 बुलेट बाइक, 2 ई-रिक्शा, 1 चांदी की प्लेट और अन्य सामान बरामद किया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में अमन, दीपक गुप्ता, रोशन अली उर्फ राजा, सरफराज अहमद, सहबान और मोहम्मद हुसैन उर्फ झिनकू शामिल हैं। चार नाबालिग अभियुक्तों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। वहीं, अभियुक्त जाहिद पहले से ही आजमगढ़ जेल में बंद है, जबकि एक अन्य अभियुक्त मुकुल वर्मा फरार है।
