दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का हुआ उद्घाटन
फ़तेहपुर :- डॉ0 भीमराव आंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रांगण में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ोत्सव का भव्य उद्घाटन सम्पन्न हुआ। समारोह का उद्घाटन जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर, मशाल जलाकर किया तथा इस अवसर पर क्रीड़ा-ध्वज का अनावरण भी किया। सभी प्रतिभागी छात्राओं ने हार जीत से परे होकर खेल भावना को सर्वापरि रखने की शपथ ली।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ0 अपर्णा मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा क्षेत्रीय तथा विश्वविद्यालय स्तर पर प्राप्त की गयी उपलब्धियों पर गर्व की अनुभूति की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में वर्षपर्यन्त खेल तथा अन्य पाठ्यसहगामी गतिविधियाँ चलती रहती हैं। जिससे छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय समाज में अब खेलों को भी एक शानदार करियर के रूप में देखा जाने लगा है। महिलाएं भी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने जोरदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन कर रही हैं। महाविद्यालय की सभी छात्राओं को कम से कम एक खेल में प्रतिभाग अवश्य करना चाहिए तथा अपने तन को स्वस्थ रखने के साथ-साथ अपने मस्तिष्क को भी सबल बनाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ0 प्रशान्त द्विवेदी ने खेलों के दौरान होने वाले मार्च-पास्ट तथा मशाल के इतिहास के बारे में बताते हुए कहा कि ये टीम भावना, उत्साह, लगन, ऊर्जा तथा निरन्तर आगे बड़ने के प्रतीक हैं। सभी छात्राओं को जीतने का प्रयास अवश्य करना चाहिये किन्तु साथ में टीम भावना का परिचय भी देते हुए खेलों को साफ-सुथरे तरीके से खेलना चाहिए। स्पर्धाओं में गोला फेंक प्रतियोगिता में लल्ली दीक्षित प्रथम, मारिया नज़ीर द्वितीय, स्वाती देवी तृतीय स्थान पर रहीं। चक्का फेंक प्रतियोगिता में लल्ली दीक्षित ने प्रथम, खुशनुमा ने द्वितीय तथा शीलू देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान खुशनुमा ने, द्वितीय कीर्ति सोनी ने तथा तृतीय स्थान सृष्टि तिवारी ने प्राप्त किया। वहीं रस्सीकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कोमल सिंह, द्वितीय स्थान पर मुबबशिरा एवं लल्ली दीक्षित तथा तृतीय स्थान पर खुशनुमा रहीं। 10 व 4 मी शटल रन प्रतियोगिता में निकिता देवी प्रथम स्थान पर, नैन्सी सिंह द्वितीय स्थान पर तथा मारिया नज़ीर तृतीय स्थान पर रहीं। कैरमबोर्ड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रिया सिंह हाड़ा ने प्राप्त किया जबकि द्वितीय स्थान पर जान्ह्वी साहू तथा तृतीय स्थान पर प्रियंका ने कब्जा जमाया। बैडमिण्टन (एकल) प्रतियोगिता में समरा सिद्दीकी विजेता हुयीं जबकि बुशरा फात्मा उपविजेता तथा अनुष्का वर्मा द्वितीय उपविजेता घोषित की गयी। महाविद्यालय स्टाफ की रस्साकसी प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी जिसमें महिला प्राध्यापिकाओं ने पुरुष प्राध्यापकों को हरा दिया। क्रीड़ा प्रभारी शरद चन्द्र राय ने समस्त अतिथिं का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार विभिन्न स्पर्धाओं में निर्णायक के रूप में उपस्थित रहा। साथ ही बताया कि कल (आज) विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताएं, लम्बी कूद प्रतियोगिता, थ्रो बॉल प्रतियोगिता, क्रिकेट स्पर्धा का फाइनल तथा अन्य शेष स्पर्धाएं एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होंगे।
