Breaking News

फ्रांस में पोस्ट डॉक्टरेट के लिए चयनित हुए डॉ. रत्नेश कुमार यादव, सर्वोदय पब्लिक स्कूल में हुआ सम्मान

Spread the love

 

आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में बुधवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर युवा शिक्षाविद एवं शोधकर्ता डॉ. रत्नेश कुमार यादव को सम्मानित किया गया। फ्रांस की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में पोस्ट डॉक्टरेट शोध कार्य के लिए चयनित होने पर विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सरफुद्दीनपुर निवासी डॉ. रत्नेश कुमार यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बीटेक (एकेटीयू), एमटेक (एनआईटी सिलचर) तथा पीएचडी (आईआईटी रोपड़) से एडवांस्ड कम्बशन इंजीनियरिंग विषय में शोध कार्य पूरा किया। वर्तमान में वे राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, देवगांव (आजमगढ़) में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में उनका चयन फ्रांस की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में पोस्ट डॉक्टरेट के लिए हुआ है।

अपने बयान में डॉ. रत्नेश कुमार यादव ने बताया कि उनका शोध एडवांस्ड कम्बश्चन इंजन पर आधारित है, जिसका उद्देश्य प्रदूषण को कम करना तथा एथेनॉल, ब्यूटेनॉल और पेंटेनॉल जैसे नवीकरणीय ईंधनों के उपयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे इंजन भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विदेशी तेल आयात पर निर्भरता कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

डॉ. रत्नेश कुमार यादव ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और विशेष रूप से सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के दौरान मिले मार्गदर्शन और प्रेरणा ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि डॉ. रत्नेश की उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। वहीं डॉ. रत्नेश कुमार यादव के दादा रामलाल यादव (सेवानिवृत्त एडीओ) ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

इस अवसर पर डॉ. यादव के पिता अभय कुमार यादव, प्रधानाचार्य रामनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे विदेश में भी आजमगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial