नोट- विशेष
उपचुनाव वाले क्षेत्रों में बसपा उम्मीदवारों को जिताने का काम करें कार्यकर्ता-मुनकाद
दलित महापुरूषों की मूर्तियां खंडित करना उचित नहीं
प्रदेश अध्यक्ष को प्रतीक चिन्ह भेंट करते बसपाई
फतेहपुर। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य मुनकाद अली ने अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान जिला व विधानसभा स्तर के संगठन की बारीकी से समीक्षा की। खामियां पाये जाने पर जल्द दुरूस्त करने की हिदायत भी दी। उन्होने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आने वाले दिनों में प्रस्तावित प्रदेश के दर्जन भर विधानसभा के उपचुनावों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के निर्देश दिये। केन्द्र व प्रदेश सरकारों पर भी जमकर भड़ास निकाली। आये दिन दलित महापुरूषों की प्रतिमाओं को खंडित किये जाने पर भी कड़ी नाराजगी का इजहार करते हुए सरकार से ऐसे अराजकतत्वों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद शुक्रवार को पहली बार जनपद में आये मुनकाद अली का वरिष्ठ नेताओं, पूर्व विधायकों व पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से बहन जी जिन्दाबाद के नारों के बीच स्वागत किया। सिविल लाइन स्थित पूर्व मंत्री एवं हाल ही में सपा छोड़कर पुराने घर अर्थात बसपा में लौटने वाले अयोध्या प्रसाद पाल के मैरिज लान में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में शिरकत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभास्तर के संगठन की समीक्षा की। उन्होने कहा कि संगठन को और भी ज्यादा विस्तार करने के साथ ही मजबूत करने की जरूरत है। अपने सम्बोधन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की गलत नीतियों के चलते आम जनमानस की आर्थिक स्थिति दिनों दिन कमजोर होती जा रही है। उन्होने इन सरकारों को पूंजीपतियों की हिमायती बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आये दिन राज्य के विभिन्न इलाकों से दलित महापुरूषों की प्रतिमाओं को खण्डित करने की खबरें आ रही हैं। जो लोकतंत्र में उचित नहीं है। उन्होने ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था केन्द्र की गलत नीतियों के चलते गर्त में जा रही है। यदि जल्द ही इस दिशा में ठोंस कदम नहीं उठाये गये तो देश फिर से एक बार गुलामी की स्थिति में पहुंच जायेगा। उन्होने पदाधिकारियों से प्रस्तावित विधानसभा उपचुनावों वाले क्षेत्रों में जाने के निर्देश दिये। बैठक को मुख्य जोन इंचार्ज इलाहाबाद जगन्नाथ पाल, पन्नालाल, दीपचन्द्र गौतम, राजेश पासी, विनोद दागड़ी, टिकेश गौतम के अलावा पूर्व विधायक सुखदेव प्रसाद वर्मा, अयोध्या प्रसाद पाल, मुरलीधर गौतम ने भी सम्बोधित किया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह गौतम तथा संचालन संजय सचान ने किया। इससे पूर्व पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष शाश्वस्त गर्ग एडवोकेट ने प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली को बुद्ध प्रतिमा प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंटकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर कसीम अहमद उर्फ दरोगा, दीप गौतम, विनोद पासी, जगजीवन राम भारती, जैद अहमद, जगदीश पासी, वीर प्रकाश लोधी, राजेश अम्बेडकर, अरविन्द कुमार चौधरी, मो0 आसिफ, मो0 इस्माइल, फरहान खान, विनोद गौतम सहित बड़ी संख्या में बसपाई रहे।
विधानसभा स्तर पर संगठन मजबूत करने का पाठ पढ़ा गये प्रदेश अध्यक्ष
Total Page Visits: 788 - Today Page Visits: 1