मार्ग दुर्घटनाओं में महिला समेत आधा दर्जन घायल
फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अन्तर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान महिला समेत लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गये। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां महिला की हालत गम्भीर बनी हुयी है।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के शिलमी गढ़वा गांव निवासी वनकार सिंह की पत्नी शकुन्तला देवी आज दोपहर अपने रिश्तेदार के साथ मोटरसाइकिल में बैठकर शहर किसी काम से आ रही थी। बताते हैं कि जैसे ही बाइक थरियांव थाने के हस्वा चौकी के समीप पहुंची तभी अचानक चलती बाइक से गिरकर महिला गम्भीर रूप से घायल हो गयी। इसी क्रम में मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा गांव निवासी रफीक का 22 वर्षीय पुत्र पीर मोहम्मद मोटरसाइकिल से शहर किसी काम से आया था। वापस लौटते समय जैसे ही वह सौंरा के समीप पहुंचा तभी अचानक सड़क पार कर रही गाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर बाइक पलट गयी। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। इसी क्रम में खखरेरू थाना क्षेत्र के पौली गांव निवासी रज्जब का 50 वर्षीय पुत्र मो0 असगर मोटरसाइकिल द्वारा खागा किसी काम से आया था। जैसे ही वह सुखदेव इण्टर कालेज के समीप पहुंचा तभी अचानक सड़क पार कर रहा बंदर बाइक के पहिये में फंस गया। जिससे बाइक गिर जाने से असगर बुरी तरह घायल हो गया। इसी प्रकार असोथर थाना क्षेत्र के संवतपुर गांव निवासी जसवंत सिंह का 28 वर्षीय पुत्र दिनेश सिंह व रामदेव का 22 वर्षीय पुत्र जय सिंह खागा किसी कार्य से आ रहे थे। बताते हैं कि जैसे ही यह लोग गांव से कुछ ही दूर पहुंचे तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गयी। जिससे दोनों घायल हो गये। उधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एम्बुलेन्स ने सभी घायलों को आनन-फानन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां महिला की हालत चिन्ताजनक बनी हुयी है।
मार्ग दुर्घटनाओं में महिला समेत आधा दर्जन घायल
Total Page Visits: 1634 - Today Page Visits: 1