फतेहपुर। योगी सरकार द्वारा बिजली दरों में की गयी बेतहाशा बढ़ोत्तरी के विरोध में पार्टी हाईकमान के निर्देश पर जिले के कांग्रेसियों ने मुख्यालय सहित खागा व बिन्दकी तहसीलों पर लालटेन लेकर प्रदर्शन कर सरकार को जमकर कोसा। वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार के साथ ही प्रदेश सरकार लगातार जन विरोधी कार्य कर रही है। जिसके चलते आम लोगों में सरकार के प्रति आक्रोश है। इसी क्रम में बहुआ कस्बे में भी कांग्रेसियों ने लालटेन जुलूस निकालकर मूल्य वृद्धि का विरोध किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय के नेतृत्व में मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेसियों ने चौक चौराहे से लालटेन जुलूस निकाला। यह जुलूस बाकरगंज पुलिस चौकी के निकट समाप्त हो गया। जुलूस में चल रहे कांग्रेसियों ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ाने का काम किया। जबकि प्रदेश सरकार की योगी सरकार ने विद्युत दरों में बेतहाशा वृद्धि करके समाज के सभी वर्गों की जेब में डकैती डालने का काम किया है। उन्होने कहा कि मूल्य वृद्धि से घरेलू उपभोक्ता ही नहीं बल्कि किसानों पर भी भारी बोझ लाद दिया गया है। उन्होने कहा कि दोनों सरकारें जन विरोधी कार्यों में लिप्त हैं। उन्होने यह भी कहा कि केन्द्र व प्रदेश की सरकारें आमजन के हित व विकास की अनदेखी करके सिर्फ बदले की भावना से विपक्ष के नेताओं को परेशान करने का काम कर रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनविरोधी कार्यों से आम जनमानस में केन्द्र व प्रदेश सरकार के प्रति बेहद नाराजगी है। आने वाले समय में जनता सबक सिखाने का काम करेगी। बिन्दकी व खागा तहसील मुख्यालयों पर भी लालटेन जुलूस निकाला गया। खागा में जुलूस का नेतृत्व नगर अध्यक्ष कलीम उल्ला ने किया। जबकि बिन्दकी में जुलूस की अगुवई विप्र नारायण तिवारी ने की। सभी जुलूसों में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे।
नोट- ऊपर वाली खबर का बाक्स
ब्लाक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान आज से
फतेहपुर। कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने बताया कि बिजली दरों में मूल्य वृद्धि के विरोध में कल (आज) से तीन दिवसीय ब्लाक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा। हस्ताक्षर अभियान की समाप्ति पर हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन राज्यपाल को भेजकर मूल्य वृद्धि वापस लिये जाने की मांग की जायेगी। उन्होने बताया कि यह अभियान सात, आठ व नौ सितम्बर तक चलेगा।
बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेसियों का लालटेन प्रदर्शन
Total Page Visits: - Today Page Visits: