बालिकाओं पर हो रहे अपराधों को रोकने की खातिर निकाली जागरूकता रैली
– डीएम-एसपी ने बचाव एवं आत्मनिर्भर बनने का पढ़ाया पाठ
फतेहपुर। महिला अपराधों की रोकथाम एवं बालिकाओं में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को बालिका जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने बालिकाओं को सुरक्षा सम्बन्धी पाठ पढ़ाते हुए शासन द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी। तत्पश्चात डीएम-एसपी ने संयुक्त रूप से हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली अपने निर्धारित मार्गों पर घूमी। छात्राओं ने तख्तियों में स्लोगन लिखकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के सम्बन्ध में जानकारी दी।
शहर के आईटीआई मैदान में बालिका जागरूकता अभियान एवं रैली का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी संजीव सिंह, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक रमेश व अपर पुलिस अधीक्षक पूजा यादव ने शिरकत की। रैली में शहर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सहभागिता निभाई। रैली को हरी झण्डी दिखाने से पूर्व जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित छात्राओं को सम्बोधित करते हुये महिला हेल्पलाईन-1090, घरेलू हिंसा से बचाव हेतु हेल्पलाईन नम्बर-181, पुलिस आपातकालीन सेवा डायल-100 के बारे में जानकारी दी। पावर एन्जेल, शक्तिपरी व प्रदेश पुलिस की वेबसाईट पर उपलब्ध विकल्प पोर्टल, सिटीजन सर्विसेज आदि के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को अपने साथ होने वाले अपराध, छेड़खानी, अन्याय के विरूद्ध आवाज उठाने व महिलाओं के साथ घर के अन्दर होने वाले अपराधों अथवा छेड़खानी के सम्बन्ध में भी सम्बन्धित पुलिस अधिकारी से शिकायत करने अथवा 181 नम्बर डायल करने के सम्बन्ध में भी जागरूक किया गया। अभियान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चंद्ररानी बालिका इंटर कॉलेज, सरस्वती बाल विद्या मंदिर, संत निरंकारी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर जागरुक करने के साथ-साथ पंम्पलेट व पोस्टर भी प्रदान किये गये। तत्पश्चात डीएम-एसपी ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली विभिन्न मार्गों पर भ्रमण करते हुए पुनः आईटीआई मैदान आकर समाप्त हुयी। रैली में रास्ते भर छात्राओं द्वारा जागरूकता सम्बन्धी नारे लगाये गये। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जागरुकता कार्यक्रम में काफी संख्या मे छात्रायें व अध्यापकगणों के अलावा पुलिस उपाधीक्षक नगर कपिल देव मिश्र, यातायात उपनिरीक्षक आशीष सिंह, महिला थाना प्रभारी, समाजसेवी अशोक तपस्वी आदि उपस्थित रहे।