डीएम-एसपी ने गाजीपुर थाने में पीड़ितों की सुनीं समस्याएं
– जिले के सभी थानों पर आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस
फतेहपुर। शासन के निर्देशन में जिले के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें आने वाले फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण करने का काम किया गया। जिलाधिकारी संजीव सिंह व पुलिस अधीक्षक रमेश ने भी गाजीपुर थाने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण कराने का काम किया। डीएम-एसपी ने थाने आने वाले पीड़ितों को हरसंभव न्याय दिलाये जाने का आश्वासन दिया।
जिले के सदर, बिन्दकी व खागा तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सभी थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। खागा व बिन्दकी कोतवाली में सम्बन्धित उपजिलाधिकारियों की देखरेख में पीड़ितों की समस्याएं सुनीं गयी। वहीं जिलाधिकारी संजीव सिंह व पुलिस अधीक्षक रमेश ने गाजीपुर थाने पहुंचकर पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। थाने पर आने वाले पीड़ितों की समस्याओं में सबसे अधिक जमीनी व आपसी विवाद रहे। जिलाधिकारी ने पीड़ितों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण कराने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि छोटे-छोटे विवादों को समय रहते निस्तारित कर दिया जाये। क्योंकि यही विवाद आगे चलकर बड़ा रूप ले लेते हैं। राजस्व कर्मी गांव-गांव जाकर भूमि विवादों को निपटाने का काम करें। इस कार्य में सम्बन्धित थाने की पुलिस का भी सहयोग लें। पुलिस अधीक्षक रमेश ने कहा कि थाने पर आने वाले पीड़ितों के साथ मित्रवत व्यवहार करें। पुलिस की छवि सुधारना बेहद जरूरी है। उन्होने कहा कि पीड़ितों की समस्याएं सुनकर उनका हल निकालना पुलिस का कर्तव्य है। इस मौके पर सम्बन्धित अधिकारी, राजस्व कर्मी व पुलिस मौजूद रही।