कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) बुधवार को रायबरेली में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) में मिली हार के कारणों की समीक्षा करेंगी। यह पहला मौका है जब रायबरेली में कांग्रेस नेताओं की बड़ी बैठक हो रही है।
प्रियंका गांधी के पास बुन्देलखण्ड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की 41 लोकसभा सीटों का प्रभार है। समीक्षा बैठक के लिए सभी सीटों के पार्टी प्रत्याशियों, कोआर्डिनेटर और जिला-शहर अध्यक्षों को बुलाया गया है। प्रियंका सबके साथ हार के कारणों पर बात करेंगी। पार्टी को मजबूत करने की रणनीति तय करेंगी।
प्रियंका गांधी के साथ मां सोनिया गांधी भी आ रही हैं। प्रियंका जिन सीटों के चुनावी नतीजे की समीक्षा करेंगी उनमें सोनिया की रायबरेली और भाई राहुल गांधी की अमेठी लोकसभा सीट भी शामिल हैं। हालिया लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ एक रायबरेली लोकसभा सीट पर जीत हासिल हुई है। नतीजे आने के बाद सोनिया गांधी पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र आ रही हैं।
प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला
रायबरेली आने से पहले प्रियंका गांधी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने ट्विटर पर सुबह लोगों को जेठ माह के अंतिम बड़े मंगलवार की बधाई दी। शाम को भाजपा सरकार पर हमला बोला कि यूपी सरकार जनता के मुद्दों पर काम करने की बजाय पत्रकारों, किसानों, प्रतिनिधियों पर डर का डंडा चला रही है।