पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि
फतेहपुर। शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोकसभा आयोजित की गयी। जिसमें उपस्थित कांग्रेसियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए जहां ईश्वर से कामना की वहीं उनके चित्र पर पुष्प चढ़ाकर अश्रुपूरित नेत्रों से श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री के निधन को देश की अपूर्णनीय क्षति बताया।
रविवार को शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा के नेतृत्व में ज्वालागंज स्थित पार्टी कार्यालय में शोकसभा आयोजित की गयी। उपस्थित कांग्रेसियों ने दिवंगत शीला दीक्षित के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाश द्विवेदी एवं रामनरेश महाराज ने तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं कन्नौज से सांसद रहते हुए कैबिनेट मंत्री के निधन पर कहा कि राजनीति शास्त्र की व्याख्या में सबसे उपयुक्त उदाहरण दिवंगत शीला दीक्षित हैं। जिनके निधन से पूरा कांग्रेसी परिवार दुखी है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रवण कुमार गौड़ ने कहा कि यह क्षति अपूर्णनीय है। उनके परिवार को दुख सहन करने की ताकत ईश्वर प्रदान करे। अध्यक्षता करते हुए आरिफ गुड्डा ने कहा कि दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित बड़ी राजनेता होते हुए भी सभी लोगों को सम्मान देने में आगे थीं। इस मौके पर अरूण जायसवाल, सैय्यद शहाब अली, आदित्य श्रीवास्तव, बृजेश मिश्रा, ओम प्रकाश, आनन्द सिंह गौतम, बीके सिंह, राजेश सिंह, सईदुल हसन नकवी, विनय गुप्ता, एहतेशाम नकवी, शाकिब सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे।