कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते मछुआरा समुदाय के लोग
फतेहपुर। नीलामी ठेकेदारों के उत्पीड़न से परेशान मछुआरा समुदाय के लोगों ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिसमें सात सूत्रीय मांगों को पूरा किये जाने की गुहार लगायी है। ज्ञापन में मुख्य रूप से नदियों का ठेका खत्म करके सरकारी कांटा लगाकर मछलियों की खरीद वाजिब दाम पर कराये जाने की मांग शामिल है।
मछुआरा कल्याण समिति के अध्यक्ष रामनरेश निषाद की अगुवई में बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर बताया कि ग्राम महावतपुर असहट, मड़ौली, मझिगवां, गुरवल, भहोली, बिकौरा, एकडला, अहमदगंज तिहार, नरौली, मड़ैया, बरियाछ, झुरहापुर, टिकुरा, चंदापुर, कोट थाना किशनपुर व ग्राम जरौली, कौहन, मिर्जापुर, लक्ष्मणपुर, रमसोलेपुर, सरकण्डी थाना असोथर व यमुना नदी के किनारे बसे अन्य मछुआरा, निषाद, केवट जिनका मुख्य व्यवसाय नाव द्वारा यमुना नदी में मछली पकड़ना है। बताया कि यमुना नदी में क्षेत्र के मुताबिक पानी की नीलामी ठेकेदारां को कर दी जाती है। ठेकेदार अपने गुर्गों द्वारा इन मछुआरा समुदाय के लोगों से चार से बीस रूपये प्रति किलो जबरियन मछली ले लेते हैं। इतना ही नहीं दस किलो मछली में तीन किलो बट्टा काटकर सात किलो मछली का ही दाम दिया जाता है। कहीं शिकायत करने पर उत्पीड़न की कार्रवाई की जाती है। यदि कोई व्यक्ति शोषण व अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाता है तो वह क्षेत्र में रहने भी नहीं पाता। बताया कि आमदनी का दूसरा जरिया न होने के कारण इस समुदाय के लोगों के सामने रोजी-रोटी की समस्या के साथ-साथ अन्य समस्याएं खड़ी हुयी हैं। मुख्यमंत्री से मांग किया कि समस्या को हल करने के लिए नदियों का ठेका खत्म करके सरकारी कांटा लगाकर उचित दामों पर मछलियों की खरीद की जाये, जोखिम को देखते हुए मछुआरों का परिचय पत्र बनाकर नाव का बीमा सरकारी तौर पर किया जाये, नदियों के किनारे एहतमाली वाली भूमि में प्राथमिकता के आधार पर मछुआरों को खेती करने का विधिक अधिकार दिया जाये, इस समुदाय को अत्याचार, उत्पीड़न से बचाने के लिए सामाजिक सुरक्षा दी जाये। इस मौके पर पूरन लाल, रतीभान निषाद, अशोक कुमार, अर्जुन, रामकेश, रामू, रामनाथ निषाद, जगदीश निषाद, देवसत्य निषाद आदि मौजूद रहे।
नदियों का ठेका खत्म करने की मांग को लेकर सीएम को भेजा ज्ञापन
Total Page Visits: 1416 - Today Page Visits: 1