डीएम ने हस्ताक्षर कर जल संरक्षण अभियान का किया शुभारम्भ
– कई दिनों तक वितरक एसोसिएशन द्वारा चलाया जायेगा जागरूकता अभियान
फतेहपुर। जिला वितरक एसोसिएशन द्वारा रहिमन पानी राखिये, बिन पानी सब सून। पानी गये न उबरे, मोती मानस सून के दोहे पर अमल करते हुए जल संरक्षण अभियान की शुक्रवार से शुरूआत की गयी। कलेक्ट्रेट परिसर के पोर्टिको में जिलाधिकारी संजीव सिंह द्वारा हस्ताक्षर करके जल संरक्षण अभियान का शुभारम्भ किया गया। जिलाधिकारी ने वितरक एसोसिएशन की इस पहल की जमकर प्रशंसा की और जनपदवासियों से अपील किया कि जल संरक्षण के इस अभियान को सार्थक बनाना सभी का कर्तव्य है। क्योंकि जल ही जीवन है। जल के बिना कुछ भी संभव नहीं है।
जल संरक्षण अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान का शुभारम्भ करने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी संजीव सिंह ने शिरकत की। उन्होने सर्वप्रथम हस्ताक्षर करके अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होने एसोसिएशन के पदाधिकारियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि जल से मनुष्य, पशु, पक्षी व पर्यावरण सुरक्षित होता है। जल हमारे जीवन में बहुमूल्य है। इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हर व्यक्ति को निभानी चाहिए। जल का कही भी दुरूपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होने अपने संदेश में विशेष उन लोगों पर जोर दिया जो समरसेबुल चलाकर उसका दुरूपयोग करते हैं। जिलाधिकारी ने संगठन के सभी पदाधिकारियों को अभियान चलाने पर धन्यवाद दिया। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप गर्ग ने कहा कि हमारा संगठन जमीनी तौर पर कार्य करेगा। पूरे जिले में भ्रमण करके जल संरक्षण के बारे में लोगों को जागरूक किया जायेगा। उन्होने बताया कि अभियान के दौरान एक लाख से ज्यादा संकल्प पत्र भरवाये जायेंगे और उन लोगों को सम्मान भी दिया जायेगा जो लोग इस कार्यक्रम में सहयोग करेंगे। कार्यक्रम में अनिल सिंह गौतम, मणि प्रकाश दुबे एडवोकेट, सुघरलाल यादव, शाश्वत गर्ग, दीपचन्द्र शुक्ला, मनीषा गुप्ता, साजन गुप्ता, रवि तिवारी, अनिल अग्निहोत्री, नीरज मिश्रा, राजीव पुरवार, महिला अध्यक्ष सुनिधि तिवारी, घनश्याम दास गुप्ता, गोपाल पुरवार आदि व्यापारी मौजूद रहे।