काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते कोषागार कर्मी
फतेहपुर। प्रदेश सरकार द्वारा कोषागारों में लेखाकारों एवं सहायक लेखाकारों के 80ः20 के अनुपात को एक झटके में समाप्त कर दिये जाने के विरोध में जिले के कोषागार कर्मियों ने गुरूवार को दूसरे दिन भी काला फीता बांधकर सरकार के निर्णय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही दो घण्टे का कार्य बहिष्कार कर मांगों के प्रति आवाज भी बुलन्द की। यह प्रदर्शन 19 सितम्बर तक जारी रहेगा।
उपसंघ के अध्यक्ष लियाकत शमीम व महामंत्री सुनील कुमार ने बताया कि शासन द्वारा कोषागारों में लेखाकारों एवं सहायक लेखाकारों के 80ः20 के अनुपात को एक झटके में समाप्त कर दिया गया है। प्रशासन के इस निर्णय से समस्त कोषागार कर्मचारी 1 जनवरी 1986 की स्थिति में पदोन्नत हो जायेगे। सरकार के इस मनमाने निर्णय से कोषागार कर्मचारियों में आक्रोश है। प्रान्तीय संगठन ने मनमाने निर्णय के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया गया था। जिसके तहत गुरूवार को भी कोषागार के सभी कर्मचारियों ने बांहो में काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्ष लियाकत शमीम व महामंत्री सुशील कुमार ने बताया कि आन्दोलन को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव व महामंत्री का समर्थन हासिल है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चार सूत्रीय मांगों में कोषागार लेखा संवर्ग को सचिवालय के लेखा संवर्ग की पूर्व से प्राप्त समानता व समकक्षता के अनुसार वेतन अद्यतन पुनरीक्षित किया जाये और पदों का सचिवालय के समान पुर्नवर्गीकरण किया जाये। कोषागार लेखा संवर्ग की नियमावली बनायी जाये। पदोन्नति सम्बन्धित सभी आदेशों को निरस्त किया जाये। विभिन्न पदों पर एक वर्ष से रूकी हुयी पदोन्नतियों तथा एसीपी प्रदान किये जाने की मांगे शामिल हैं। अध्यक्ष ने बताया कि उच्च न्यायालय द्वारा तीन दिसम्बर 2004 को पारित निर्णय के समादर में कोषागार लेखागार संवर्ग को सचिवालय के लेखा संवर्ग की समानता एवं समकक्षता एक जनवरी 1986 से प्रदान की गयी थी। इसके उपरान्त वेतन आयोग की संस्तुति पर सचिवालय लेखासंवर्ग का पुर्नगठन कर 2006 से 2013 तक प्रत्येक पद पर कई-कई बार उच्च वेतनमानस स्वीकृत किये गये हैं तथा वर्ष 2015 में पदो का पूर्व पुर्नवितरण 75ः25 संशोधित किया गया है। यह सभी वेतनमान एवं पदों का पुर्नवितरण सचिवालय के लेखासंवर्ग को दिये जाने की तिथि से कोषागार संवर्ग को भी प्रदान किये जायें। साथ ही विभिन्न पदों पर रूकी हुयी पदोन्नतियां शीघ्र करते हुए रिक्त पदों पर पूर्व की तरह शीघ्र नियुक्तियां करायी जायें। इस मौके पर भव्य कक्कड़, गोपालचन्द्र, मो0 आसिफ खान, जुबैर अहमद, सर्वेश कुमार, वीरेन्द्र कुमार सिन्हा, रामराज मौर्य, अनूप कुमार, विमलेश कुमार आदि शामिल रहे।
कोषागार कर्मियों का काली पट्टी बांध विरोध जारी
Total Page Visits: 1145 - Today Page Visits: 1